शिवलिंग भगवान शिव का प्रतिमाविहीन चिन्ह है। यह प्राकृतिक रूप से स्वयंभू व अधिकतर शिव मंदिरों में स्थापित होता है। वेद शास्त्रों में शिवलिंग को परम कल्याणकारी शुभ सृजन ज्योति के रूप में बताया गया है। सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड तथा हमारा शरीर इस ज्योति के रूप में ही समाहित है। भृकुटी के बीच हमारी आत्मा या स्वयं हम इस संसार में एक बिंदु रूप में है। वातावरण सहित घूमती धरती तथा सम्पूर्ण अनंत ब्रह्माण्ड की धुरी ही शिवलिंग है।
शिवलिंग का आकार-प्रकार ब्रह्माण्ड में घूम रही आकाशगंगा और उन पिंडो के समान प्रतीत होता है जहां जीवन संभव है। वायु पुराण के अनुसार प्रलय काल के बाद जिसमें पूरी सृष्टि लीन हो कर पुनः सृष्टि संचार के समय प्रकट होती है उस शक्ति को शिवलिंग कहा गया है। शिवलिंग ईश्वर के निराकार स्वरूप का प्रतीक है।
प्रमुख रूप से दो प्रकार के शिवलिंग बताए गए हैं। प्रथम है आकाशीय या उल्का शिवलिंग- यह काला अंडाकार रूप लिए हुए रहता है। भारत में इस प्रकार के शिवलिंग को ज्योतिर्लिंग कहा जाता है। दूसरे प्रकार के शिवलिंग मानव द्वारा निर्मित होते हैं। सोमवार के दिन शिवलिंग की पूजा करने से शिव बहुत प्रसन्न होते हैं। ऐसा करने से शिव की कृपा प्राप्ति होती है।